हरियाणा

हरियाणा में विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने की हुक्काबार पर प्रतिबंध की मांग

mukeshwari
28 May 2023 2:31 PM GMT
हरियाणा में विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने की हुक्काबार पर प्रतिबंध की मांग
x

चंडीगढ़। हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने प्रदेश में होटल, रेस्टोरेंट, पब-बार, नाईट क्लब इत्यादि में ग्राहकों को हुक्का परोसने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखा है। हुक्काबार को उन्होंने हरियाणा की एक ज्वलंत समस्या बताते हुए इस पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नशा हमारे युवाओं के स्वास्थ्य के साथ साथ उनके भविष्य को भी अंधकारमय कर रहा है। इसकी चपेट में आकर हजारों परिवार उजड़ रहे हैं और बच्चे अनाथ हो रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि इस समस्या का हमें समय रहते समाधान निकालना होगा। उन्होंने चंडीगढ़ में हुक्का बार पर पाबंदी लगाने के केंद्र सरकार के फैसले का भी स्वागत किया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल को लिखे पत्र में विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में इस प्रकार की पाबंदी लगने से इस धंधे में संलिप्त लोग पंचकूला व हरियाणा के दूसरे जिलों में अपना अनैतिक कारोबार स्थापित करने के लिए प्रयास कर सकते हैं। इसलिए हरियाणा में भी इस प्रकार का सख्त कानून बनाना चाहिए, जिसके तहत इस प्रकार के धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंचकूला समेत सभी शहरों में हुक्काबार पर प्रतिबंध लगाना भी जरूरी है।

उन्होंने नशा उन्मूलन के लिए हरियाणा सरकार की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना भी की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा शुरू की गई नशा मुक्त अभियान की कार्य योजना के सराकारात्मक परिणाम आ रहे हैं। इस मुहिम से अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तो हो ही रही है, साथ ही लोगों में नशाखोरी के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। सभी सरकारी मेडिकल कालेजों में मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति वार्ड खोले गए हैं। हर जिले के सिविल अस्पताल में भी नशा मुक्ति केंद्र खोले जा रहे हैं। इसका परिणाम यह हो रहा है कि आज आम जनमानस नशाखोरी के खिलाफ लामबंद हो रहा है और सरकार की मुहिम में कॉलेज के विद्यार्थियों से लेकर सामान्य गृहिणियां तक सहयोगी बन रही हैं।

पत्र में गुप्ता ने गत माह पिंजौर के गांव मंडावाला में एक नशा मुक्ति केंद्र में किए गए निरीक्षण का जिक्र करते हुए प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की भी सराहना की।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story