हरियाणा

Kaithal: बाइक दुर्घटना में युवक की मौत

Admindelhi1
19 March 2026 1:31 AM IST
Kaithal: बाइक दुर्घटना में युवक की मौत
x

कैथल: शहर में हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिरटा से कैथल की ओर आ रहा था, तभी रजबाहे के पास एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इस संबंध में शहर थाना पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर-31, पट्टी अफगान निवासी रघबीर ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है। घटना के समय वह अपने खेत के काम से बाहर गया हुआ था और रजबाहे की पटरी पर खड़ा था। इसी दौरान सिरटा गांव की तरफ से एक बाइक सवार व्यक्ति आ रहा था। रघबीर के अनुसार, तभी पीछे से एक अन्य बाइक सवार तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और आगे जा रहे बाइक चालक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं।

घायल की पहचान कैलरम निवासी जयपाल के रूप में हुई। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल जयपाल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर थाना की एसएचओ गीता ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story