हरियाणा

Kaithal: ट्रक से कुचलकर हत्या मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
3 March 2026 5:45 PM IST
Kaithal: ट्रक से कुचलकर हत्या मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार
x
"ट्रक से रौंदकर हत्या का खुलासा"

कैथल: सीवन क्षेत्र में एक व्यक्ति को कथित तौर पर षड्यंत्र रचकर ट्रक से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी काबू कर लिया है। थाना सीवन के एसएचओ सब इंस्पेक्टर पारस की टीम ने जिला जींद के गांव कलोदा कलां निवासी अजय को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि गांव पेगा निवासी किरपाल ने शिकायत दी थी कि वह राजौंद में शराब के ठेके पर करिंदे का काम करता था। उसकी पहचान नीलम नामक महिला से हुई और दोनों राजौंद में किराये के कमरे में रहने लगे। कुछ समय बाद नीलम की बातचीत जिला जींद के गांव कलोदा निवासी परविंद्र से होने लगी। आरोप है कि दो-तीन दिन पहले नीलम उसे छोड़कर परविंद्र के पास चली गई।

शिकायत के अनुसार 17 फरवरी की रात किरपाल नीलम और परविंद्र की तलाश में ट्रांसपोर्ट नगर कैथल पहुंचा। वहां उसने एक ट्रक में दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। उसे देखते ही वे ट्रक लेकर फरार हो गए। बताया गया कि 18 फरवरी की सुबह करीब 3:15 बजे खानपुर बस अड्डे के पास किरपाल ने दोबारा ट्रक के पास जाकर आवाज लगाई। आरोप है कि इस दौरान अजय और नीलम ने परविंद्र को उकसाया, जिसके बाद परविंद्र ने ट्रक का अगला टायर किरपाल की टांगों, पसलियों और बाजुओं पर चढ़ा दिया और तीनों मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किरपाल को सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 27 फरवरी को उसकी मौत हो गई।

थाना सीवन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी परविंद्र और महिला आरोपी नीलम को गिरफ्तार कर चुकी है। वारदात में इस्तेमाल ट्रक को भी बरामद कर लिया गया है। अब तीसरे आरोपी अजय की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ ली है।

Next Story