हरियाणा

Kaithal: हत्याकांड में नाबालिग समेत सात गिरफ्तार, बाइक बरामद

Admindelhi1
6 March 2026 12:14 AM IST
Kaithal: हत्याकांड में नाबालिग समेत सात गिरफ्तार, बाइक बरामद
x
"मामले में बाइक बरामद, जांच तेज"

कैथल: गुहला क्षेत्र के गांव खरकां में 11 फरवरी को छात्रों के दो गुटों के बीच हुए झगड़े में किशोर नवराज की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और नाबालिग को काबू कर लिया है। थाना गुहला पुलिस की टीम लगातार इस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले इस केस में चार नाबालिग सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि इस मामले की जांच सब इंस्पेक्टर ईश्वर की टीम कर रही है। जांच के दौरान खरका गांव के 17 वर्षीय किशोर को निरुद्ध किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि वह भी वारदात में शामिल था और अपनी बाइक पर घटनास्थल पर पहुंचा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपी किशोर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

वॉलीबॉल मैच के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा

पुलिस जांच के अनुसार रामथली निवासी लवप्रीत और पक्की पिसौल निवासी विनीत के बीच स्कूल में वॉलीबॉल मैच खेलते समय विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों ने अपने-अपने दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद रामथली से लदाना चक्कू माइनर के पास दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान हुए झगड़े में चाकू लगने से खरकां निवासी किशोर नवराज गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद थाना गुहला में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

पहले छह आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले ही चार नाबालिग सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब सातवें आरोपी के रूप में एक और नाबालिग को पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Next Story