
जींद: भाजपा के एक प्रवक्ता द्वारा देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने वाले बयान के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं कोर्ट मोड पर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला फूंक कर विरोध दर्ज करवाया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने किया। उन्होंने आरोपित के खिलाफ एसपी को शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मुख्य रूप से पहुंचे सोनीपत लोकसभा के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने भाजपा पर देश में नफरत का माहौल फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तो भाजपा प्रवक्ता खुलेआम टीवी पर देश के शीर्ष विपक्षी नेता राहुल गांधी को गोली मारने जैसी धमकियां दे रहे हैं। जो लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। कांग्रेस पार्टी ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी।
कांग्रेस के जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय घटना है। जो भाजपा के कथित प्रवक्ता पिंटू महादेव सरेआम इस तरह की गुंडागर्दी की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। पहले ही भाजपा शासन में कानून व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो चुकी है। अब भाजपा के प्रवक्ता सार्वजनिक रूप से राहुल गांधी जैसे देश के लोकप्रिय नेताओं को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। यह दर्शाता है कि भाजपा पूरी तरह से बौखला चुकी है और विपक्ष के सवालों से डर कर इस तरह के निम्न स्तर तक गिर चुकी है।
रिषिपाल हैबतपुर ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि भाजपा के उक्त प्रवक्ता के खिलाफ तुरंत संज्ञान लेते हुए संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया जाए और उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की घृणित भाषा का इस्तेमाल करने की हिम्मत न कर सके। भाजपा प्रवक्ताओं पर औच्छी और अभद्र भाषा बोलने पर लगाम लगाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में केंद्र सरकार और भाजपा संगठन चुप रहता है तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह बयान किसी एक व्यक्ति या नेता का नहीं बल्कि यह भाजपा की सुनियोजित राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है।





