हरियाणा

Jind: रेलवे स्टेशन पर कड़ी निगरानी, जीआरपी की सख्त जांच जारी

Admindelhi1
23 March 2026 6:11 PM IST
Jind: रेलवे स्टेशन पर कड़ी निगरानी, जीआरपी की सख्त जांच जारी
x

जींद: आतंकवादी घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यात्रियों को विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा जिला मुख्यालय रेलवे स्टेशन जींद पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। सोमवार को इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली रेलगाडिय़ों की सघन तलाशी ली गई तथा यात्रियों के सामान की भी बारीकी से जांच की गई।

अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी जीत सिंह ने किया। उनके साथ एएसआई जितेंद्र सिंह, एसपीओ संजय, आरपीएफ से एएसआई गौरव, राम खिलाड़ी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उन्होंने मौके पर मौजूद यात्रियों को बढ़ते अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यदि किसी भी यात्री को कोई संदिग्ध वस्तु या लावारिस बैग दिखाई देए तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि रेलवे पुलिस द्वारा इस प्रकार के चेकिंग अभियान समय-समय पर चलाए जाते हैं। जबकि सुरक्षा के मद्देनजर नियमित रूप से भी ट्रेनों और स्टेशन परिसर की जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जीआरपी की प्राथमिकता है। जीत सिंह ने साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना मोबाइल नंबर, बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी साझा न करें। इसके अलावा सोशल मीडिया या फोन कॉल के माध्यम से होने वाली ठगी से बचने के लिए जागरूक रहना बेहद जरूरी है।

Next Story