हरियाणा

Jind: विश्वविद्यालय परिसर में नीट परीक्षा को लेकर एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन

Admindelhi1
15 May 2026 9:59 AM IST
Jind: विश्वविद्यालय परिसर में नीट परीक्षा को लेकर एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन
x

जींद: चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में गुरूवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा रद्द होने पर सरकार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार को युवा वर्ग से कोई लेना-देना नही । इसीलिए हर परीक्षा के प्रश्र पत्र लीक हो रहे हैं और होनहार युवाओं के सपनों को तोड़ रहे हैं।

प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई अध्यक्ष जयदीप सिंधू ने किया। उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों ने दिन-रात मेहनत कर नीट परीक्षा की तैयारी की थी लेकिन बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने छात्रों के भविष्य और मेहनत दोनों को बर्बाद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के विश्वास पर सीधा हमला है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है। एनएसयूआई ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें तुरंत अपने पद से हटना चाहिए।

साथ ही नेशनल टैस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग कर नई पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जिन छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा की तैयारी में लाखों रुपये खर्च किए हैं, उन्हें सरकार द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक के कारण विद्यार्थियों को मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान झेलना पड़ा हैए जिसकी भरपाई सरकार को करनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार और एनटीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर प्रवेश, सचिन, मंजीत खोखरी, अजमेर, आशीष, रितिक समेत काफी संख्या में छात्र एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Story