Jind: हरियाणा बनेगा विकसित भारत का प्रेरक राज्य: डॉ. कृष्ण मिड्ढा

जींद: हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से चौधरी रणवीर सिंह विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने की। इस अवसर पर हरियाणा दिवस के उपलक्ष में पंचकूला में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव एवं प्रदर्शनी का लाइव टेलीकास्ट भी किया गया। लाइव प्रसारण के माध्यम से राज्यपाल के संबोधन, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण उपस्थित लोगों को दिखाया गया।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा आज अपनी तरक्कीए उपलब्धियों और विकास की कहानी गर्व से बयान कर रहा है। 1966 में मात्र छह करोड़ रुपये के बजट से आरंभ हुआ हरियाणा आज निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश के गठन के बाद सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने कार्यकाल में हरियाणा को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य किया है। परंतु भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद विकास की गति और अधिक तीव्र हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में अनेक अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। खरखोदा में मारुति प्लांट की स्थापना, 10 नई आईएमटी की घोषणा, 24 फसलों पर एमएसपी देने का वायदा पूरा करना और लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 की आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने बताया कि वृद्धजन पेंशन को 3200 मासिक तक बढ़ा कर सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने हाल ही में आयोजित भर्ती परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग और नागरिकों ने मिल कर विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में सहयोग किया है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक इस दिशा में योगदान दे रहा है। और यही सामूहिक प्रयास भारत को विश्व में अग्रणी बनाएगा। कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर पर छात्र व छात्राओं द्वारा एकल एवं समूह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने सराहा। उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा द्वारा कार्यकर्म में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर कार्यक्रम का समापन किया।





