
जींद: हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित एचएसईबी वर्कर यूनियन ने मंगलवार को कार्यकारी अभियंता विकास मलिक के खिलाफ प्रदर्शन किया और धरना दिया। प्रदर्शनकारी बिजली निगम कर्मियों ने कार्यकारी अभियंता की कार्यशैली को लेकर रोष जताया और कर्मियों को प्रताडि़त करने के आरोप लगाए। कर्मचारियों ने चेताया कि कार्यकारी अभियंता ने कर्मियों के प्रति अपना रवैया नही बदला तो ठोस कदम उठाया जाएगा।
धरने की अध्यक्षता यूनिट प्रधान हरिओम ने की व मंच का संचालन सचिव धर्मवीर बैरागी ने किया। उन्होंने कहा कि जींद के कार्यकारी अभियंता विकास मलिक के द्वारा कर्मचारियों को प्रताडि़त किया जा रहा है। कार्यकारी अभियंता कर्मचारियों पर गलत तरीके से दबाव डालते हैं और उपभोक्ता की चोरी छुड़वाने, पोल शिफ्ट करवाने और टेंपर मीटर छोडऩे के लिए कर्मचारियों पर दबाव डालते हैं।
गलत कार्य न करने पर कर्मचारियों से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। उपमंडल अधिकारियों को दरकिनार करके बेवजह कर्मचारी को तंग किया जा रहा है। पूर्व उपमहासचिव राजेश शर्मा व उप राज्य प्रधान राजा शामदो ने कहा कि जब तक कार्यकारी अभियंता अपने शब्द वापस नही लेते तब तक धरना चलता रहेगा। जिस पर सभी कर्मचारियों ने हाथ उठा कर समर्थन किया। वहीं कार्यकारी अभियंता का संगठन द्वारा घेराव किया गया। जिस पर कार्यकारी अभियंता अपना कार्यालय छोड़ कर भी चले गए। इस मौके पर राजेश आसान, सुनील झांझ, सुनील मुंडे, सुरेंद्र कौशिक, वजीर, विशाल, संदीप, धर्मवीर, अजमेर, राजीव रोहिल्ला, जगदीश, प्रदीप सैनी, पाला राम, सुरेश खासा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





