
जींद: जींद के शाहपुर गांव में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना पर पहुंची डायल 112 की गाड़ी का एक व्यक्ति ने शीशा तोड़ दिया। पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में ईएचसी मुकेश ने बताया कि वह डायल 112 की गाड़ी ईआरवी 361 पर तैनात है। उसके साथ ड्राइवर एसपीओ राजेश कुमार, होम गार्ड का जवान अमित भी तैनात हैं। 13 अगस्त की रात को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शाहपुर गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है।
इस पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर झगड़ा शांत करवाया। एक व्यक्ति को चोट लगी थी और उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था। उस व्यक्ति ने गाड़ी के शीशे पर लाठी के साथ हमला कर शीशा तोड़ दिया। इसके बाद एंबुलेंस को बुलाया गया।
एंबुलेंस में बैठाते समय उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम संदीप उर्फ माटा पुत्र प्रेम सिंह बताया। संदीप ने ही उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का काम किया है। सदर थाना पुलिस ने हेड कांस्टेबल मुकेश की शिकायत पर संदीप को नामजद कर के उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।





