हरियाणा

Jind: ठेकेदार का कारिंदा रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Admindelhi1
5 Aug 2025 8:52 PM IST
Jind: ठेकेदार का कारिंदा रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
x

जींद: एंटी करप्शन ब्यूरो करनाल की टीम ने मंगलवार को बिजली निगम में मीटर लगाने वाले ठेकेदार के प्राइवेट कर्मचारी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। रिश्वत की राशि लेने के लिए आरोपित ने शिकायतकर्ता को प्रिंस फूड डेयरी के पास बुलाया था। रिश्वत की राशि लेते ही एसीबी की टीम ने छापेमारी और उसे पकड़ लिया। आरोपित के हाथ धुलवाए जाने पर हाथों का रंग लाल हो गया।

एंटी करप्शन ब्यूरो करनाल की टीम को दी शिकायत में शिकायतकर्ता गांव ईंटलकलां निवासी राजेश ने बताया था कि जींद के पटियाला चौक के पास श्याम नगर में उसके दो मकान हैं और दोनों ही मकान उसकी पत्नी के नाम हैं। उसके पड़ोस में ही दो मकान हिसार जिले के बास निवासी जापान की पत्नी संतोष के नाम हैं। अप्रैल 2025 में उसने अपने दोनों मकानों में बिजली मीटर लगवाने के लिए अपनी पत्नी के नाम से आवेदन किया हुआ था। बिजली निगम ने उसके मकान की बजाया उसके पड़ोसी संतोष के दोनों मकानों में मीटर लगा दिया। एक महीने बाद जब बिल आया तो पता चला कि उसके दोनों मीटर पड़ोसियों के मकान में लगे हुए हैं। इसके बाद उसने बिजली निगम को शिकायत दी।

बिजली निगम ने श्री सतगुरु इलेक्ट्रिकल्स कंपनी गांव जुलानी को बिजली मीटर लगाने का ठेका दिया हुआ है। जब शिकायतकर्ता बिजली बिल ठीक करवाने के लिए श्री सतगुरु इलेक्ट्रिकल्स कंपनी के कर्मचारी पवन से मिला तो पवन ने कहा कि बिल तो भरना पड़ेगा और दोनों मीटर उसने वहां से उखाड़ लिए। इसके बाद दोनों मीटर शिकायतकर्ता के मकान में लगाने की एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने एसीबी करनाल को इसकी शिकायत दी तो रेडिंग टीम गठित की। पवन ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेने के लिए झांझ गेट के पास प्रिंस फूड डेयरी के पास बुला लिया। शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते ही एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से रिश्वत के 15 हजार रुपए बरामद कर लिए। करनाल एसीबी ने पवन सैनी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया है।

Next Story