हरियाणा

Jhajjar: प्रशासन की पहल, झज्जर के 124 गांव और 15 वार्ड अब नशा मुक्त

Admindelhi1
10 March 2026 5:13 PM IST
Jhajjar: प्रशासन की पहल, झज्जर के 124 गांव और 15 वार्ड अब नशा मुक्त
x

झज्जर: जिले के 124 गांव और नगर निकायों के 15 वार्ड नशामुक्त घोषित किए जा चुके हैं।

यह जानकारी मंगलवार को उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने यहां हुई जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की मासिक बैठक के बाद दी। जिले को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में डीसी स्वप्निल रविंद्र की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की बैठक में डीसीपी जसलीन कौर भी मौजूद रही। सभी एसडीएम भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। डीसी ने कहा कि जिला के 124 गांवों और 15 वार्डों को नशा मुक्त घोषित किया जा चुका है। सभी गांवों को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर आपसी समन्वय से कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर उपमंडल स्तर पर नशा मुक्ति अभियान को तेज किया जाए। गांव और वार्ड स्तर पर पहले से गठित टीमों को एक्टिव मोड में लाया जाए और एसडीएम इन टीमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जाए और जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर चलाया जाए।

डीसी पाटिल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसलिए जरूरी है कि इस पर प्रशासन, पुलिस, पंचायतें और समाज सेवी संस्थाएं मिलकर काम करें। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम सभाओं में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताने के निर्देश दिए। नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ब्लाक स्तर पर बॉलीबाल सहित अन्य खेल प्रतियोगिता आयोजित करने को भी कहा।

डीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि मेडिकल स्टोर्स पर कड़ी निगरानी रखी जाए और डॉक्टर की पर्ची के बिना प्रतिबंधित दवाइयां न बेची जाएं। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

डीसीपी जसलीन कौर ने बैठक में बताया कि पुलिस द्वारा नशा बेचने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, गांव-गांव जाकर युवाओं को जागरूक करने के अभियान भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य हर गांव को नशा मुक्त बनाना है।

इस अवसर पर एसडीएम अंकित कुमार चौकसे, जिला अटॉर्नी अनुज दहिया, जेल अधीक्षक संदीप डांगी, सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान, डीडीपीओ निशा तंवर व डीईओ रतिंद्र सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Next Story