हरियाणा

खौफनाक वारदात, कस्‍सी से गर्दन काटकर मार डाला मजदूर को

Gulabi Jagat
30 Aug 2022 2:28 PM GMT
खौफनाक वारदात, कस्‍सी से गर्दन काटकर मार डाला मजदूर को
x
पानीपत में खौफनाक हत्‍या की वारदात को अंजाम दिया गया। समालखा थाना के गांव जौरासी खास में बिहार के अररिया जिले के गांव कररहा निवासी 50 वर्षीय मजदूर अफजल की कस्सी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। हत्या का आरोप साथ में काम पर लगे राज मिस्त्री सलीम पर लगा है। आरोपित उत्तर प्रदेश के कैराना का रहने वाला है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार, चौकी इंचार्ज सब निरीक्षक महावीर सिंह एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया गया। वहीं आरोपित भी मौके से पकड़ा गया।
संजय के मकान निर्माण का कर रहे थे काम
गांव जौरासी खास में कई माह से संजय के मकान निर्माण का कार्य चल रहा है। जहां पर कैराना निवासी राज मिस्त्री सलीम, प्रवासी मजदूर अफजल व एक अन्य मजदूर काम पर लगे थे। तीनों हर रोज की तरह सोमवार सुबह काम पर आए थे। लेकिन दोपहर बाद करीब तीन बजे राज मिस्त्री सलीम ने मजदूर अफजल को अंदर कमरे में ले जाकर उसकी गर्दन पर एकाएक कस्सी से वार कर दिए। जब मकान मालिक की पत्नी आवाज सुनकर अंदर आई तो घटना का पता चला। तभी अन्य लोग मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपित राज मिस्त्री ने कस्सी से एकाएक वार कर अफजल की गर्दन को लगभग अलग कर दिया। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
धान लगाने आया था
ग्रामीण के मुताबिक अफजल कई माह पहले धान लगाने के लिए अन्य साथियों के संग गांव में आया था। साथी सीजन खत्म होने पर चले गए, लेकिन वो यहीं पर रह गया। अफजल हाल में खेतों में खाद मारने और खरपतवार उखाड़ने का काम करता था। कई दिन पहले मजदूर नहीं मिलने पर संजय ने उसे राज मिस्त्री के साथ मजदूर के तौर पर काम पर लगा दिया था। वो दिन भर काम के बाद खेत में ही जाकर सोता था। जबकि आरोपित राज मिस्त्री सलीम गांव में ही रहता था। आरोपित ने मजदूर को मौत के घाट क्यों उतारा, ये अब पुलिस की जांच में पता चल पाएगा। वहीं थाना प्रभारी सुनील कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के स्वजनों को अवगत करा दिया गया है।
Next Story