
हिसार: सदर थाना क्षेत्र के गांव खरड़ में खेत में बने एक कमरे से अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या कर शव को वहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 40 से 42 वर्ष के बीच है। शव मिलने के समय उसके हाथ रस्सी से बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
रविवार सुबह खेतों की ओर जा रहे लोगों ने कमरे में महिला का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। महिला के हाथ पर "पासोरानी" और "सीमारानी" नाम लिखा हुआ मिला है, जिससे पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
फोरेंसिक टीम की जांच में संकेत मिले हैं कि महिला की हत्या घटनास्थल पर नहीं, बल्कि किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को खेत में बने कमरे में लाकर छोड़ दिया गया। घटनास्थल के आसपास कार के टायरों के निशान भी मिले हैं।
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने रामायण टोल प्लाजा के पास फैक्ट्री के साथ खेतों की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते का इस्तेमाल किया। मामले की तह तक पहुंचने के लिए टोल प्लाजा, फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में पहचान के लिए रखवाया गया है। महिला की पहचान होने के बाद हत्या के कारणों और आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।





