
हिसार: भीषण गर्मी से जूझ रहे हरियाणा के लोगों को गुरुवार शाम अचानक मौसम में आए बदलाव से राहत मिली। राजस्थान की ओर से उठी तेज धूल भरी आंधी के कारण कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित हुई और आसमान धूल व बादलों से ढक गया।
दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान रहे, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। इससे बाजारों और सड़कों पर जनजीवन प्रभावित हुआ। कई दुकानदारों ने एहतियातन अपने शटर आंशिक रूप से बंद कर दिए, जबकि वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ी।
आंधी के बाद कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान क्षेत्र में बने मौसमी तंत्र और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण यह बदलाव देखने को मिला है। आने वाले दिनों में भी मौसम परिवर्तनशील रहने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार पाकिस्तान की ओर लगातार बन रहे बादलों और पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा-एनसीआर क्षेत्र में आने वाले दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
वहीं हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 6 जून तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में तेज हवाएं, आंशिक बादल और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।





