Hisar: ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सेल के प्रयासों से विद्यार्थियों को नए कौशल सीखने का अवसर

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के उद्भावना क्लब की ओर से अनुदीप फाउंडेशन के सहयोग से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और वेब डेवलपमेंट पर पांच दिवसीय इंटेंसिव कार्यशाला का आयोजन सुबह और सायं के सत्र में चार बैच में किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को मांग आधारित उच्च स्तरीय तकनीकी कौशल प्रदान करके शैक्षणिक थ्योरी और उद्योगों की जरूरतों के बीच के गैप को कम करना रहा।
कॉम्प्रिहेंसिव करिकुलम में दो कोर ट्रैक थे। पहला एआई सेगमेंट जिसमें मशीन लर्निंग, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और डेटा-ड्रिवन डिसीजन-मेकिंग शामिल रहा तथा दूसरा वेब डेवलपमेंट ट्रैक जो प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग के जरिए एचटीएमएल, सीएसएस, जावास्क्रिप्ट और रिस्पॉन्सिव डिजाइन पर आधारित रहा।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार काे पांच दिवसीय कार्यशाला में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सेल के लगातार प्रयासों की सराहना की, जिससे विद्यार्थियों को वैल्यू-एडेड कौशल सीखने का अवसर मिला और उनकी नौकरी पाने की दक्षता बढ़ी।
प्लेसमेंट निदेशक डा. प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यशाला में सुबह और सायं दोनों बैच में 220 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे सभी प्रतिभागियों के लिए सीखने का एक शानदार माहौल बना। कार्यशाला के अंतिम दिन एक बड़ा हाईलाइट मिनी-प्रोजेक्ट प्रस्तुति सत्र रहा, जहां विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा दिखाई और अपने नए सीखे हुए कौशल को वास्तविक दुनिया के हालातों में उपयोग करके आत्मविश्वास हासिल किया। कार्यकम सभी बैच में औपचारिक उद्घाटन के साथ शुरू हुआ। अनुदीप फाउंडेशन के प्रशिक्षक निसार और भूपेंद्र कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे।
सहायक निदेशक प्लेसमेंट डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि कार्यशाला का नेतृत्व समन्वयक रिधि सचदेवा, दिशा और मोहित ने किया, जिन्होंने बैच समन्वयक खुशी, अश्विन, सक्षम सारथी और आरती के सहयोग के साथ सत्र समन्वय तथा प्रतिभागियों के मार्गदर्शन का प्रबंधन किया, जिन्होंने तकनीकी सहयोग तथा कार्यशाला संचालन में अहम भूमिका निभाई।





