हरियाणा

Hisar: तीन दिन पहले हुई दोस्ती, साथ नहर पर गया आजाद; रात में माइनर में मिला शव

Admindelhi1
1 Sept 2026 12:41 PM IST
Hisar: तीन दिन पहले हुई दोस्ती, साथ नहर पर गया आजाद; रात में माइनर में मिला शव
x
नहर पर दोस्तों के साथ गया आजाद नहीं लौटा, रात को माइनर में मिला शव

हिसार: बरवाला के वार्ड नंबर पांच निवासी 38 वर्षीय कारपेंटर आजाद की नहर में डूबने से हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार सुबह दो युवकों के साथ घर से निकला आजाद, जिनसे उसकी दोस्ती महज तीन दिन पहले हुई थी, रात को सरसाना गांव के पास माइनर में मृत मिला। शव के सिर के पीछे चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों के आरोप पर आजाद नगर थाना पुलिस ने उसकी पत्नी पिंकी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक के मामा कंवारी गांव निवासी सत्यवान ने बताया कि आजाद बरवाला के वार्ड नंबर पांच का रहने वाला था और कारपेंटर का काम करता था। परिवार में उसकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों के मुताबिक करीब छह महीने पहले उसकी पत्नी पिंकी बरवाला निवासी एक युवक के साथ चली गई थी और उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी। करीब 15 दिन पहले ही वह वापस आजाद के पास आई थी। इसके बाद आजाद अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ आजाद नगर की गली नंबर चार में किराये के मकान में रहने लगा था।

परिजनों के अनुसार आजाद शहर में कारपेंटर का काम कर रहा था। करीब तीन दिन पहले ही उसकी धीरणवास और सरहेड़ा गांव निवासी दो युवकों से दोस्ती हुई थी। रविवार सुबह वह दोनों युवकों के साथ काम के लिए घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। रात करीब नौ बजे आजाद नगर थाना पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि आजाद का शव सरसाना गांव के पास माइनर से बरामद हुआ है।

परिजन नागरिक अस्पताल पहुंचे तो शव के सिर के पीछे चोट के निशान मिले। इससे उनकी आशंका और गहरा गई। परिजनों का कहना है कि यदि आजाद पानी में डूबा था तो उसके सिर पर चोट कैसे लगी, इसकी जांच होनी चाहिए।

नशे की हालत में थाने पहुंचे दोनों युवक

पुलिस के अनुसार आजाद रविवार को दोनों युवकों के साथ बालसमंद नहर पर गया था। दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि तीनों नहर किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसके बाद आजाद नहाने के लिए पानी में उतरा और बहाव में बह गया। दोनों युवक शाम को नशे की हालत में खुद आजाद नगर थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उनकी सूचना के बाद पुलिस ने आजाद की तलाश शुरू की। देर रात करीब नौ बजे सरसाना माइनर से उसका शव बरामद किया गया और परिजनों को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

आजाद की मौत को लेकर परिजनों ने उसकी पत्नी पिंकी समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस नहर पर आजाद के साथ मौजूद दोनों युवकों से पूछताछ करने के साथ घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आजाद नगर थाना के जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Next Story