हरियाणा

Hisar: बारिश के चलते हरियाणा के कई जिलों में जारी अलर्ट

Admindelhi1
6 Oct 2025 11:37 AM IST
Hisar: बारिश के चलते हरियाणा के कई जिलों में जारी अलर्ट
x

सिरसा: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते आज राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। फतेहाबाद, हिसार, जींद, करनाल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, पानीपत, रोहतक और सोनीपत में मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं, सिरसा, भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, रेवाड़ी और नूंह में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

सोमवार सुबह से ही यमुनानगर सहित कई जिलों में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। इससे पहले रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात भी कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि वर्तमान मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण विकसित हुई है। इससे नमी युक्त हवाएं उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही हैं।

डॉ. खीचड़ के अनुसार, अगले तीन घंटों के दौरान सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और कैथल जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना है।

Next Story