
हिसार: शहर के सेक्टर 13 निवासी निजी स्कूल की शिक्षिका सोनिया आनंद हत्या मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के रोषस्वरूप विभिन्न संगठनों ने बुधवार सायं शहर में कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए पारिजात पहुंचे। कैंडल मार्च जिस क्षेत्र से गुजरा, उस क्षेत्र की दुकानें बंद हो गई और लोगों ने पुलिस के प्रति रोष जताया।
शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक संगठनों ने शहर में यह कैंडल मार्च निकाला। संतनगर स्थित गुरुद्वारे से पीड़ित परिवार, कर्मचारी, किसान और सामाजिक संगठन एकत्रित हुए। हाथों में स्लोगन और कैंडल लेकर कैंडल मार्च शुरू किया गया। कैंडल मार्च पुरानी सब्जी मंडी से होेते हुए सैनियान मुहल्ला, डोगरान मुहल्ला और बाजारों से हाेते हुए पारिजात चौक पर पहुंचा। कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी ‘सोनिया को न्याय दो, हत्यारे को फांसी दो’ जैसे नारे लगा रहे थे। उन्होंने ‘हिसार पुलिस मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए और रोष जताते हुए कहा कि हत्या के छह दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान है।
प्रदर्शनकारी शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कैंडल मार्च निकालते हुए पारिजत चौक पहुंचे। यहां पर वक्ताओं ने कहा कि हत्या के छह दिन बाद भी आरोपी पति संजय व अन्य का न पकड़ा जाना निंदनीय है। पुलिस की कार्रवाई अभी तक आगे नहीं बढ़ी है, जिससे परिजनों व शहरवासियों में रोष है। उन्होंने मांग की कि पुलिस इस मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करें, अन्यथा शहरवासी किसी बड़े प्रदर्शन सेे गुरेज नहीं करेंगे। कैंडल मार्च के दौरान महिलाओं की उपस्थित भारी संख्या में रही। प्रदर्शन कारियों ने ऐलान किया कि सोमवार से इस बारे में धरना शुरू किया जाएगा। कैंडल मार्च में सत्तारूढ़ दल के किसी नेता या पदाधिकारी के शामिल न होने पर शहरवासियों ने रोष जताया।
ये रहे मौके पर उपस्थित इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व मेयर गौतम सरदाना, पूर्व डिप्टी मेयर भीम महाजन, कांग्रेस नेत्री रेखा ऐरन, जनवादी महिला समिति से शकुंतला जाखड़, कांग्रेस नेता मनोज राठी, अखिल गर्ग, मंगल ढालिया, कर्मचारी नेता सुरेन्द्र मान, समाजसेवी ओपी बजाज, पंकज दीवान, डॉ. रमेश पूनिया, एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल, राजेन्द्र चुटानी, जितेन्द्र श्योराण व एडवोकेट संतलाल आंबेडकर सहित समाजसेवी, गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे।
पुलिस काे मिले अहम सुराग उधर पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में काफी अहम कड़ियां जोड़ी है और वह कभी भी आरोपी की गिरफ्तारी कर सकती है। पुलिस को पता चला है कि आरोपी सौरभ हिसार से दिल्ली ट्रेन से गया, उसकी हिसार रेलवे स्टेशन पर फुटेज मिली है। इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर फुटे खंगाली, तो पता चला है कि वह दिल्ली तक पहुंच गया।
डीएसपी ने दिया कड़ी कार्रवाई का भरोसा डीएसपी किशोरी लाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करके भरोसा दिलाया कि इस जघन्य घटना में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।





