Hisar: वादाखिलाफी का आरोप लगाकर दमकल कर्मचारियों का विरोध

हिसार: हरियाणा अग्निशमन विभाग यूनियन ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए 6 से 8 अगस्त तक राज्यव्यापी हड़ताल करने की घोषणा की है। यूनियन का कहना है कि सरकार ने पहले उनकी मांगें मानने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक संबंधित आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
इस संबंध में बुधवार को बरवाला रोड स्थित दमकल केंद्र पर हरियाणा अग्निशमन विभाग यूनियन की गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिणंद और जिला प्रधान राजेश कुमार महला ने की।
यूनियन नेताओं ने बताया कि 13 जून को सरकार के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक उनकी स्वीकृति से संबंधित पत्र जारी नहीं किए गए हैं। इसके विरोध में एक और दो जुलाई को प्रदेश के सभी दमकल केंद्रों पर गेट मीटिंग आयोजित कर आंदोलन की आगामी रणनीति तय की गई।
यूनियन के अनुसार, 7 से 22 जुलाई तक हरियाणा के सभी जिलों में अग्निशमन कर्मचारी सरकार के खिलाफ रैलियां निकालेंगे। यदि इसके बाद भी सरकार कर्मचारियों की मांगों से संबंधित आदेश जारी नहीं करती है तो 6, 7 और 8 अगस्त को राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि हड़ताल के बाद भी सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा।
गेट मीटिंग में राज्य प्रधान राजेंद्र सिणंद, नगर निगम इकाई प्रधान सुरेंद्र उर्फ गोलू तथा फायर विभाग के कर्मचारी रमेश कुमार, संदीप सैनी, कुलदीप, संजय सिंह, नरेश कुमार, श्रवण कुमार, शिवकुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।





