हरियाणा

Hisar: चाकू से गोदकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

Admindelhi1
23 Feb 2026 5:37 PM IST
Hisar: चाकू से गोदकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
x

हिसार: शहर के दिल्ली रोड पर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी गई। लगभग 60 वर्षीय कलम सिंह ने दिल्ली रोड पर हो रही मारपीट को रोकने का प्रयास किया था। इससे गुस्साए नशे में धुत हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना रविवार देर रात को हुई।

बताया जा रहा है कि शहर के दिल्ली रोड से 9-11 सेक्टर की ओर जाने वाली सड़क पर तीन युवक एक अन्य व्यक्ति की पिटाई कर रहे थे। तभी प्रॉपर्टी डीलर कलम सिंह वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि हमलावर नशे की हालत में थे और उन्होंने उस युवक को छोड़कर कलम सिंह पर ही तेजधार हथियार से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने कलम सिंह के गले और सीने पर कई वार किए। इस अचानक हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटने पर दो आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। घायल कलम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीर उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावर मच्छी मार्केट क्षेत्र से नशे की हालत में 9-11 सेक्टर की ओर आए थे। लाडवा निवासी कलम सिंह, जो पास में ही अमन प्रॉपर्टी डीलर नाम से रियल एस्टेट कार्यालय चलाते थे, मारपीट देखकर बीच-बचाव करने पहुंचे थे। मृतक कलम सिंह मूल रूप से लाडवा के रहने वाले थे और वर्तमान में हिसार की दयानंद कॉलोनी में रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही अर्बन स्टेट थाना पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।

Next Story