हरियाणा

Hisar: आदतन अपराधी दलजीत सिहाग को पुलिस ने घुमाया पैदल

Admindelhi1
21 Nov 2025 11:36 AM IST
Hisar: आदतन अपराधी दलजीत सिहाग को पुलिस ने घुमाया पैदल
x

हिसार: जिले की हांसी पुलिस ने गुरुवार काे 61 मामलों के आरोपी आदतन अपराधी दलजीत सिहाग के हाथों में बेड़ियां डालकर बाजारों में पैदल परेड करवाई। डीजीपी ओपी सिंह के ​कार्यभार संभालने के बाद पुलिस ऐसे आदतन अपराधियों के प्रति काफी सख्ती बरत रही है। हांसी पुलिस ने गांव सिसाय निवासी गैंगस्टर दलजीत को झज्जर से एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया और इसके बाद उसके दोनों हाथों को बेड़ियों से बांधा और पैदल परेड करवाई गई। गैंगस्टर की परेड के दौरान भारी पुलिस दलबल भी उसके साथ मौजूद रहा। इस दौरान बाजारों में लोगों ने गैंगस्टर की परेड देखकर पुलिस की इस कार्रवाई की सराहन की।

डीजीपी ओपी सिंह के निर्देशों पर ऐसे अपराधियों के खिलाफ इन दिनों विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत हांसी पुलिस ने कुख्यात अपराधी सिसाय निवासी दलजीत सिहाग को झज्जर से एक दिन का प्रोडक्शन वारंट लेकर रिमांड पर लिया और पुलिस ने रिमांड पर लेने के बाद गैंगस्टर दलजीत को गुरुवार काे हांसी के बाजारों में बेड़िया डालकर कई किलोमीटर तक घुमाया। इस दौरान गैंगस्टर के आसपास पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पूरे शहर में हथियारबंद पुलिस जवानों के साथ पैदल मार्च करवाया गया। हांसी एसपी अमित यशवर्द्धन का कहना है कि पुलिस का उद्देश्य है कि लोग ऐसे अपराधियों की हकीकत को समझें और समाज में अपराध के प्रति भयमुक्त वातावरण बने।

पुलिस के अनुसार दलजीत सिहाग फिरौती, लूटपाट, जानलेवा हमला और हत्या प्रयास सहित करीब 61 मुकदमों में वांछित रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे कठोर कदम न केवल बदमाशों को संदेश देते हैं, बल्कि यह समाज को जागरूक करने की एक महत्वपूर्ण पहल भी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत द्वारा कड़ी सजा दिलवाने के लिए पुलिस लगातार सबूत जुटाने में जुटी हुई है। इस पैदल मार्च में सीआईए इंचार्ज प्रदीप, सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह समेत पुलिस की विशेष टीम मौजूद रही। फिलहाल दलजीत सिहाग जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में हांसी में मिंटू गुर्जर की हत्या की थी। यह हत्या 2016 में दलजीत और उसके साथियों ने मिलकर की थी। इस मामले में 30 जनवरी 2019 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इसी मामले में दलजीत झज्जर जेल में बंद हैं। हांसी के अनुसार अधीक्षक अमित यशवर्द्धन ने बताया कि दलजीत सिहाग कुख्यात क्रिमिनल है। यह सोशल मीडिया के माध्यम से अपने आपको प्रदर्शित कर रहा था। अपनी गतिविधियां दिखाकर यह सांत्वना लेने का प्रयास कर रहा था। इस पर करीब 55 से 60 केस दर्ज हैं। इसके सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो कर काफी सारी युवक जो कुछ इस इलाके के हैं और कुछ बाहर के हैं वो इससे कहीं ना कहीं प्रभावित हो रहे थे।

Next Story