
हिसार: झज्जर एसीबी की टीम ने यहां की जिला अदालत में तैनात एक नायब कोर्ट को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम उससे पूछताछ कर रही है। नायब कोर्ट के रिश्वत लेते पकड़े जाने की न्यायालय परिसर में जोरों पर चर्चा चल रही है।
बताया जा रहा है कि झज्जर एसीबी की टीम ने एक नायब कोर्ट को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान सिपाही सुनील कुमार के रूप में हुई है जो एडीजे अदालत नंबर 4 में नायब कोर्ट पद पर था। एसीबी ने निरीक्षक फतेह सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि एसीबी टीम ने अपना जाल बिछाकर शहर क्षेत्र में पटवार भवन के नजदीक ट्रैप लगाकर आरोपी सुनील को पकड़ लिया। टीम ने मौके से 500-500 के नोटों की दो गड्डियां, कुल एक रुपये की नकदी सुनील से बरामद की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किसी लड़ाई-झगड़े से जुड़े मामले में यह रिश्वत ली जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
नायब कोर्ट के रिश्वत लेते पकड़े जाने के साथ ही पुलिस विभाग व अदालत परिसर में सूचना आग की तरह फैल गई। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।





