
हिसार: जन नायक चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर रोहतक में हुई सम्मान दिवस रैली में जुटी भीड़ ने साबित कर दिया है कि आने वाला समय इनेलो का है। कांग्रेस व भाजपा सहित अन्य पार्टियों ने जनता के हित की बात सोचना तो दूर, अपने ही वर्करों की आवाज न सुनकर उन्हें निराश किया है। ऐसे में अब जनता इनेलो की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है।
यह बात सम्मान दिवस रैली में आम आदमी पार्टी छोड़कर इनेेलो में शामिल हुए वरिष्ठ नेता दलबीर किरमारा ने शुक्रवार काे कही। पार्टी प्रमुख अभय सिंह चौटाला सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया और कहा कि इससे पार्टी को भारी मजबूती मिली है। दलबीर किरमारा ने कहा कि इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने अपनी रणनीति, कार्यकुशलता व कार्यकर्ताओं की फौज के दम पर इतनी बड़ी रैली करके रिकॉर्ड कायम किया है। रैली में उमड़ी भीड़ ने साफ संकेत दिया है कि आने वाला समय इनेलो का है क्योंकि जनता ने कांग्रेस, भाजपा व अन्य पार्टियों को आजमा लिया है और यही निष्कर्ष निकाला है कि जनहितों को जो तवज्जो इनेलो शासनकाल में मिली थी, वह किसी अन्य शासन में नहीं।
दलबीर किरमारा ने कहा इनेलो केवल राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के बल पर बना ऐसा मजबूत सामाजिक संगठन भी है जो जनहित के कार्यों में हमेशा अग्रणी रहता है। पार्टी प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने किसानों सहित हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाया है और इसी वजह से उन्हें किसानों का सच्चा हितैषी माना जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में और भी बहुत से नेता इनेलो में शामिल होकर पार्टी को मजबूत करेंगे और आने वाले चुनाव के बाद प्रदेश में इनेलो की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि केवल इनेलो ही ऐसी पार्टी है जो चौ. देवीलाल के ‘लोकराज लोकलाज से चलता है’ के सिद्धांत को तवज्जो देती है।





