हरियाणा

Hisar: हकृवि का ग्रीन कवर पर्यावरण के लिए कारगर, शुद्ध हवा देता है: प्रो. बीआर कम्बोज

Admindelhi1
10 March 2026 5:03 PM IST
Hisar: हकृवि का ग्रीन कवर पर्यावरण के लिए कारगर, शुद्ध हवा देता है: प्रो. बीआर कम्बोज
x

हिसार: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा कैंपस का नवीनतम लैंड यूज़ लैंड कवर मानचित्र हाई-रिज़ॉल्यूशन इमेज के आधार पर तैयार किया गया है। इस मानचित्र के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर के ग्रीन कवर एवं भू-उपयोग की स्थिति का आकलन किया गया है। यह मानचित्र वानिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ संदीप आर्य, मृदा एवं जल अभियांत्रिकी विभाग की सहायक वैज्ञानिक डॉ. दर्शना और कृषि मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक डॉ. अनुराग ने तैयार किया है।

कुलपति प्रो. बलदेव राज कम्बोज ने वैज्ञानिकों को बधाई दी व उनके कार्य की सराहना की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने मंगलवार काे बताया कि विश्वविद्यालय में पिछले कुछ वर्षों में पौधारोपण अभियान को बढ़ावा दिया गया है तथा पौधे लगाने के साथ साथ उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की गई जिसके परिणामस्वरूप कैंपस हरा भरा नजर आता है। इसके लिए उन्होंने के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों, छात्रों एवं आमजन को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह कैंपस को हरा भरा और सुंदर बनाने में सहयोग करेंगे। कैंपस क्षेत्र को मुख्य रूप से दो प्रमुख श्रेणियों, ग्रीन कवर तथा अन्य भूमि उपयोग में विभाजित किया गया है। ग्रीन कवर श्रेणी में पेड़, झाडिय़ां, घास तथा कृषि भूमि शामिल हैं, जबकि अन्य भूमि उपयोग श्रेणी में निर्मित क्षेत्र, खेल मैदान, जल स्रोत एवं सडक़ें सम्मिलित हैं। यह ग्रीन कवर मानचित्र विश्वविद्यालय के सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, हरित प्रबंधन तथा भविष्य की योजना निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। यह अध्ययन विश्वविद्यालय परिसर की पर्यावरणीय समृद्धि को दर्शाता है तथा हरित क्षेत्र को बनाए रखने और बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है।

विभाग अध्यक्ष डॉ. संदीप आर्य ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 927.91 एकड़ है। इसमें से लगभग 78.83 प्रतिशत क्षेत्र ग्रीन कवर के अंतर्गत आता है। इस ग्रीन कवर में 24.12 प्रतिशत क्षेत्र पेड़ों से आच्छादित है। ज्ञात रहे कि राष्ट्रीय वन नीति 1988 के अनुसार समतल जगह में 20 प्रतिशत वन होना चाहिए, जबकि विश्वविद्यालय में उससे भी अधिक पेडों का क्षेत्र है जोकि गर्व की बात है। इसके अलावा 31.72 प्रतिशत झाडिय़ों एवं घास से तथा 22.99 प्रतिशत कृषि भूमि के अंतर्गत है। अन्य भूमि उपयोग में लगभग 11.07 प्रतिशत क्षेत्र में बिल्डिंग है। खेल मैदान कुल क्षेत्रफल का 2.82 प्रतिशत भाग कवर करते हैं, जबकि जल स्रोत 1.99 प्रतिशत और सडक़ें लगभग 5.29 प्रतिशत क्षेत्र में फैली हुई हैं।

वर्गीकृत मानचित्र की स्टीकता का आकलन ग्राउंड ट्रूथिंग के माध्यम से किया गया। ज्ञात रहे कि हकृवि का तापमान शहर के मुकाबले 2-3 डिग्री सेल्सियस कम रहता है जोकि परिसर में आने पर महसूस भी किया जा सकता है। ग्रीनकवर न केवल ग्रीन हाऊस गैसों का अवशोषण कर आक्सीजन प्रदान करता है बल्कि कैंपस में घुमने वालों के लिए शुद्ध वातावरण भी प्रदान करता है। इस अवसर पर अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग व कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रमेश गोयल उपस्थित रहे।

Next Story