हरियाणा

Hisar: हरियाणा के छात्रों में स्कॉलरशिप को लेकर उत्साह, पानीपत ने मारी बाजी

Admindelhi1
4 Nov 2025 11:06 AM IST
Hisar: हरियाणा के छात्रों में स्कॉलरशिप को लेकर उत्साह, पानीपत ने मारी बाजी
x

हिसार: प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले कुल 55001 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। खास बात है कि आवेदनों की दौड़ में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का गृह जिला पानीपत टॉप पर है, जहां 4232 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं।

4064 आवेदन के साथ सिरसा दूसरे, 3789 आवेदन के साथ अंबाला तीसरे और 3560 आवेदन के साथ हिसार चौथे पायदान पर है। जबकि पांचवें पायदान पर गुरुग्राम है, जहां 3401 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे फिसड्डी चरखी-दादरी रहा, यहां से 1077 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं।

बता दें कि 30 नवंबर को राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति के लिए परीक्षा होगी, जिसका समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। परीक्षा से 10 दिन पूर्व भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए जाएंगे।

ये रहेंगी शर्तें

– आवेदक सरकारी स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ रहा हो।

– आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 3.30 लाख रुपये तक हो

– चयनित विद्यार्थी को कक्षा 9वीं से 12वीं तक 48 हजार रुपये मिलेंगे

यह है राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति

मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अंतर्गत स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग की ओर से वर्ष 2008 में राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति शुरू की थी। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर वे विद्यार्थी, जो सरकारी स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ रहे हों, उन्हें अगले चार साल तक कुल 48 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है, ताकि आर्थिक रूप से तंगी होने के कारण विद्यार्थी पढ़ाई से ड्राप न कर लें। इसी उद्देश्य से सरकार ने उपरोक्त प्रोजेक्ट शुरू किया था।

किस जिले में कितने आवेदन

जिला – कुल आवेदनों की संख्या

पानीपत – 4232

सिरसा – 4064

अंबाला – 3789

हिसार – 3560

गुरुग्राम – 3401

करनाल – 3212

कैथल – 3163

जींद – 2996

फतेहाबाद – 2795

सोनीपत – 2768

कुरुक्षेत्र – 2427

भिवानी – 2262

रेवाड़ी – 2185

यमुनानगर – 1971

नूंह – 1885

महेंद्रगढ़ – 1850

पलवल – 1522

रोहतक – 1507

पंचकूला – 1488

फरीदाबाद – 1454

झज्जर – 1393

चरखी दादरी – 1077

राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति के तहत प्रदेश में कुल 55001 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें आवेदनों की दौड़ में हिसार चौथे स्थान पर है। जबकि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का गृह जिला पानीपत पहले पायदान पर है। निश्चित तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए यह योजना अच्छा प्रयास है। – संदीप सिंधु, जिला गणित विशेषज्ञ एवं राष्ट्रीय साधन सह पात्रता छात्रवृत्ति प्रभारी, हिसार।

Next Story