हरियाणा

Hisar: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 18 तक बढ़ाई

Admindelhi1
10 March 2026 5:07 PM IST
Hisar: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 18 तक बढ़ाई
x

हिसार: 10 मार्च (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग द्वारा संचालित शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स-फ्रेंच एवं जर्मन (ए1 तथा ए2 स्तर) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 मार्च कर दी गई है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार काे बताया कि इन कोर्सों का उद्देश्य विद्यार्थियों को विदेशी भाषाओं में दक्षता प्रदान करना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर रोजगार, उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। आज के वैश्वीकरण के दौर में फ्रेंच एवं जर्मन जैसी भाषाओं का ज्ञान तकनीकी, पर्यटन, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, दूतावासों तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विभागाध्यक्षा डॉ. प्रियंका सिंगला ने बताया कि ए1 स्तर का कोर्स 90 घंटे (तीन माह) तथा ए2 स्तर का कोर्स 110 घंटे (3.5 माह) का है। ए2 स्तर के लिए ए1 प्रमाणपत्र अनिवार्य है। प्रवेश प्रथम आओ-प्रथम पाओ के आधार पर किया जाएगा। सफल अभ्यार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जो उनके बायोडाटा को और सशक्त बनाएगा। इच्छुक अभ्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.gjust.ac.in पर 18 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए कोई पंजीकरण शुल्क नहीं है।

Next Story