हरियाणा

Hisar: हिसार में फ्लाइंग ऑफिसर को मिला विशेष सम्मान, ग्रामीणों ने ऋतुल दुहन का किया भव्य स्वागत

Admindelhi1
23 Jun 2026 10:10 AM IST
Hisar: हिसार में फ्लाइंग ऑफिसर को मिला विशेष सम्मान, ग्रामीणों ने ऋतुल दुहन का किया भव्य स्वागत
x
सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण

हिसार: जिले की प्रथम महिला फ्लाइंग ऑफिसर ऋतुल दुहन के अपने पैतृक गांव कंवारी पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। गांव पहुंचते ही ऋतुल दुहन ने सबसे पहले शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने जोरदार नारेबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने जुलूस के रूप में उन्हें मुख्य कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया।

युवा मंडल कंवारी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में फ्लाइंग ऑफिसर ऋतुल दुहन ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को मेहनत और अनुशासन का महत्व सिखाना चाहिए, क्योंकि परिश्रम करने वालों को सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं से सेना में उपलब्ध विभिन्न अवसरों का लाभ उठाकर देश सेवा करने का आह्वान भी किया।

समारोह में एशिया की शीर्ष शोधकर्ताओं में शामिल डॉ. दीक्षा आर्या ने बताया कि ऋतुल दुहन देश की पहली महिला कैडेटों में शामिल रहीं जिन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा उत्तीर्ण कर सेना में प्रवेश किया। चार वर्ष के कठोर प्रशिक्षण के बाद उन्हें फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में कमीशन प्राप्त हुआ, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर हरियाणा राज्य गौशाला संघ के प्रदेशाध्यक्ष शमशेर आर्य, दुहन खाप के प्रतिनिधि सत्यवान दुहन और पवन दुहन, दिलबाग सिंह सांगवान, पूर्व कर्मचारी नेता शेर सिंह, कर्नल आर.पी. मल्हान, अजमेर सिंह, चंद्रपाल, आजाद खांडा खेड़ी, रोहतास कुमार और रविंद्र मक्कड़ सहित कई गणमान्य लोगों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने ऋतुल दुहन की उपलब्धि को गांव, क्षेत्र और प्रदेश के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन युवा मंडल के प्रधान कुलदीप सिंह, विक्की जाखड़ और हरविंदर सिंह ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वालों का धन्यवाद किया। अंत में ऋतुल दुहन के दादाजी चतर सिंह दुहन ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Next Story