हरियाणा

Hisar: हिसार के होटल में आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

Admindelhi1
7 May 2026 9:29 AM IST
Hisar: हिसार के होटल में आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
x

हिसार: शहर के रेड स्कवेयर मार्केट स्थित मशहूर होटल पैराडाइज में आग लगने से लाखों के नुकसान का अंदेशा है। होटल की किचन से भड़की इस आग से होटल पूरा जलकर राख हो गया। अचानक भड़की आग होटल की चौथी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि होटल में लगे एसी फटने लगे।

इसके अलावा होटल की पार्किंग में खड़े वाहन आग की चपेट में आ गए। आसपास खड़े लोगों ने वहां खड़ी गाड़ियों को हटाया। आग की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। होटल से सटी बिल्डिंग में एक युवती भी फंस गई, जिसे स्थानीय लोगों ने सड़क पर कंबल लगाकर दूसरी मंजिल से जंप करवाकर बचाया। होटल की बिल्डिंग से गिरी ईंट महिला के सिर में लग गई। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

पॉश क्षेत्र रेड स्कवेयर मार्केट में स्थित यह होटल डिजायर रामपुरा मोहल्ला निवासी शुभम का बताया जा रहा है। इसमें 15 कमरे हैं। होटल में आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घबराहट में लोग इधर उधर दौड़ने लगै। यहां कई कंपनियों के शोरूम, होटल और कॉमर्शियल बिल्डिंग है।बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर बाद होटल की किचन में हुई शॉर्ट सर्किट से यह आग भड़की। उस वक्त वहां मौजूद पांच कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने शोर मचाते हुए भाग कर जान बचाई।

आग तेजी से फैलती देख वहां मौजूद ग्राहक भी बाहर की तरफ भागने लगे। गनीमत रही कि जब तक आग भीषण रूप धारण करती, होटल स्टाफ और ग्राहक बाहर आ चुके थे। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान होटल के बाहर पार्किंग में खड़े कुछ वाहन भी आग की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस बिल्डिंग में डीएसए बैंक का ऑफिस भी बना है। घटना के समय एक लड़की ऑफिस में काम कर रही थी। आग लगने के बाद युवती को कॉल किया गया, मगर कॉल वेटिंग में जा रही थी। कुछ देर बाद युवती ने कॉल पिक किया। उस समय युवती काफी घबराई हुई थी। ऑफिस की सीढ़ियों तक भी आग फैल चुकी थी। इसके बाद उसे दूसरी मंजिल से कूदने के लिए कहा। नीचे खड़े लोग एक अन्य होटल से कुछ कंबल लेकर आए, जिस पर युवती को जंप करवाकर रेस्क्यू किया।

Next Story