Hisar: जल संकट से नाराज किसानों का प्रदर्शन, प्रशासन से समाधान की मांग

हिसार: जिले के अग्रोहा क्षेत्र में राणा माइनर और बालक माइनर में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं मिलने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। विभिन्न किसान संगठनों के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया और सिंचाई मंत्री का पुतला फूंककर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार और सिंचाई विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया। किसानों की मुख्य मांग थी कि दोनों माइनरों में लगातार कम से कम दो सप्ताह तक पानी छोड़ा जाए और टेल क्षेत्र तक पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
किसान नेताओं कामरेड सुरेश कुमार और संदीप सिवाच ने कहा कि राणा माइनर और बालक माइनर के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। इससे धान, चारा और अन्य फसलों पर संकट गहराता जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पानी की कमी का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि कई गांवों में पेयजल संकट भी बढ़ रहा है और भूजल स्तर पर भी असर पड़ रहा है।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोनों माइनरों में पर्याप्त जलापूर्ति और टेल तक पानी पहुंचाने की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सिंचाई विभाग की होगी।





