Hisar: नौकरी सुरक्षा की मांग पर कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन

हिसार: महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में ऑल हेल्थकेयर एंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारियों ने जॉब सिक्योरिटी सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि सरकार ने 15 जून तक जॉब सिक्योरिटी लागू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा और निराशा का माहौल है।
एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मांग की कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से कार्यरत पांच वर्ष से कम अनुभव वाले कर्मचारियों को भी जॉब सिक्योरिटी के दायरे में शामिल किया जाए। उनका कहना था कि समान कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों को बिना किसी भेदभाव के समान सेवा सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए, ताकि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में अपना योगदान दे सकें।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि जॉब सिक्योरिटी संबंधी आदेश 30 जून से पहले लागू किए जाएं तथा पात्र कर्मचारियों को शीघ्र नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं। साथ ही जॉब सिक्योरिटी का लाभ 15 अगस्त 2024 से प्रभावी मानते हुए सभी पात्र कर्मचारियों को वित्तीय लाभ और एरियर भी प्रदान किया जाए।
कर्मचारियों ने जॉब सिक्योरिटी से जुड़ी सभी लंबित प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने और अन्य लंबित मांगों का भी समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।





