हरियाणा

Hisar: ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर, ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी

Admindelhi1
9 May 2026 9:58 AM IST
Hisar: ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर, ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी
x

हिसार: पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने सभी ट्रैफिक अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाएं। उन्होंने कहा कि आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए नियमों की उल्लंघना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन शुक्रवार काे जिला के ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक में निर्देश दे रहे थे। बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में विशेष रूप से गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नाबालिग वाहन चालकों एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाजारों, स्कूलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं मुख्य चौकों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है तथा प्रत्येक कर्मचारी को जनता के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए अपनी ड्यूटी ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निभाएं। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझावों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एएसपी मयंक मुदगिल के अलावा ट्रैफिक प्रभारी, प्रवाचक बलवंत सिंह, प्रभारी इंटरसेप्टर सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह व अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

Next Story