
हिसार: हांसी जिले के गांव सुलचानी में 400 रुपए के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में 60 वर्षीय दलवीर सिंह और उनकी पुत्रवधू सुनीता घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
दलवीर सिंह ने नारनौंद थाना पुलिस को दी शिकायत में बुधवार काे बताया कि उनका बेटा रणबीर बीमार रहता है। गत दिवस सुबह करीब 7:30 बजे, जब वह घर पर चाय पी रहे थे, तब सुमित का फोन आया। सुमित ने रणबीर से 400 रुपए मांगने की बात कही। दलवीर ने फोन पर कहा कि उनके बेटे को परेशान न किया जाए और वे खुद पैसे दे देंगे।
शिकायत के अनुसार लगभग 9 बजे जब दलवीर घर से बाहर निकले तो उन्होंने गांव के चौक में बारूराम, उसके बेटे सुमित और बारूराम की पत्नी को अपने बेटे रणबीर और पुत्रवधू सुनीता के साथ मारपीट करते देखा। दलवीर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो सुमित और बारूराम ने उनके साथ भी मारपीट की। जब वे वहां से हटने लगे तो सुमित ने डंडे से उन पर दोबारा हमला कर दिया। परिवार द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मारपीट रुकवाई। इस मारपीट में सुनीता को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खांडा-खेड़ी और फिर नागरिक अस्पताल हिसार में भर्ती कराया गया।
दलवीर ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने जाते-जाते खुलेआम धमकी दी कि यदि 400 रुपए नहीं दिए गए तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। नारनौंद पुलिस ने पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज लिया है। थाना इंचार्ज रमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।





