हरियाणा

Hisar: राजमार्ग पर आयशर ट्रक में भीषण आग, ट्रक हादसे में बड़ा नुकसान

Admindelhi1
26 Feb 2026 8:20 PM IST
Hisar: राजमार्ग पर आयशर ट्रक में भीषण आग, ट्रक हादसे में बड़ा नुकसान
x

हिसार: राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पूर्व मंत्री सुभाष गोयल के पैट्रोल पंप के समीप आयशर ट्रक में आग लग गई। इससे आयशर ट्रक सहित उसमें लोड सामान जलकर राख हो गया लेकिन गनीमत रही कि ट्रक में आग लगने का आभास होने पर समय रहते चालक ट्रक को सड़क किनारे रोक उससे उतर गया और अपनी जान बचाई।

ट्रक में आग लगी देख पैट्रोल पंप पर तैनात कारिंदों ने अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन वो इसमें कामयाब नहीं हो पाए। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच ट्रक में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक में रखा सामान और ट्रक जलकर राख हो चुके थे।

जानकारी के अनुसार गांव जीतपुरा निवासी विनोद गुरुवार सुबह अपनी आयशर गाड़ी में सामान लोड कर हिसार की ओर जा रहा था। जैसे ही गढ़ी गांव को पार कर पूर्व मंत्री सुभाष गोयल के पैट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा तो अचानक चलते ट्रक में आग लग गई। आग लगते ही चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि गाड़ी में पॉलीथीन सहित अन्य सामान भरा हुआ था। ट्रक में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं नहीं पाया, चलती गाड़ी में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना स्थल के समीप पैट्रोल पंप होने के कारण वहां मौजूद कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया।

ट्रक में लगी आग की लपटें देखकर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि ट्रक में आग पैट्रोल पंप से कुछ दूरी पर लगी, जिससे कोई बड़ा विस्फोट या जनहानि नहीं हुई।

Next Story