
हिसार: केंद्र सरकार की नीतियों एवं अमरीका के साथ की जा रही ट्रेड डील के विरोध में आयोजित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को जिला कांग्रेस कमेटी हिसार ने पूर्ण समर्थन दिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया के नेतृत्व में मधुबन पार्क में कांग्रेसजनों ने एकजुट होकर हड़ताल के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज करवाई।
इस अवसर पर विभिन्न कर्मचारी संगठनों, मजदूर यूनियनों और किसान संगठनों ने भी हड़ताल को व्यापक समर्थन दिया। सर्व कर्मचारी संघ द्वारा निकाले गए जुलूस और कार्यक्रमों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर मजदूरों और कर्मचारियों की आवाज को मजबूती देने का कार्य किया।जिला अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने गुरुवार काे कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी आर्थिक नीतियों और अमरीका के साथ की जा रही ट्रेड डील से किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और कर्मचारियों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
इस दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व प्रत्याशी बरवाला भूपेंद्र सिंह गंगवा, लीगल सेल प्रदेश अध्यक्ष लाल बहादुर खोवाल, किसान नेता दिलबाग सिंह हुड्डा, युवा नेता सुरेश पंघाल, राजकुमार जांगड़ा, इंटक जिला अध्यक्ष जोरा सिंह पाबड़ा, महिला ज़िला अध्यक्ष ग्रामीण संतोष जून, कामगार कर्मचारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नरेश मलिक, कुलबीर मुवाल महिला नेत्री सरोज श्योराण सहित कांग्रेस से जुड़े सैकड़ों साथी उपस्थित होकर हड़ताल का समर्थन किया। कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह हड़ताल मजदूरों, कर्मचारियों और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से उनके संघर्ष में हमेशा साथ खड़ी रहेगी।





