Hisar: नई सब्जी मंडी में शुरू हुई अटल किसान-श्रमिक कैंटीन

हिसार: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री Ranbir Gangwa ने हिसार की नई सब्जी मंडी में ‘अटल किसान-श्रमिक कैंटीन’ का उद्घाटन किया। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के तत्वावधान तथा हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से संचालित इस कैंटीन में किसानों, श्रमिकों और मंडी में कार्यरत मजदूरों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, मजदूरों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कैंटीन का उद्देश्य मेहनतकश लोगों को सस्ती दरों पर स्वच्छ, पौष्टिक और सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराना है, जिससे मंडियों में दिनभर काम करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार यह कैंटीन केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर भी प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष Asha Khedar ने इस पहल को किसानों और श्रमिकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।
मार्केट कमेटी चेयरमैन Ravindra Rocky ने बताया कि कैंटीन का संचालन हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संकल्प महिला क्लस्टर द्वारा किया जाएगा, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रणबीर गंगवा ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कैंटीन संचालन की जानकारी ली और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, मार्केट कमेटी सचिव भरत शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक वीरेंद्र श्योराण, अजय कांत जांगड़ा सहित विभिन्न अधिकारी, व्यापारी प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





