Hisar: आदमपुर में सड़क नेटवर्क होगा मजबूत, 38.82 करोड़ की मंजूरी

हिसार: युवा भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित 25 सड़कों के निर्माण के लिए 38.82 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान कर दी है। इन कार्यों के टेंडर जल्द जारी किए जाएंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी विकासात्मक सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है।
भव्य बिश्नोई ने गुरुवार को कहा कि कुछ समय पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आदमपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनहितकारी मांगों के साथ-साथ जर्जर और लंबित सड़कों के निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव सौंपा था। मुख्यमंत्री ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नई सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी बेहतर होगी। इससे आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
भव्य बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
आदमपुर को मिली यह स्वीकृति सरकार की विकासोन्मुखी सोच और जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में विकास कार्यों की गति इसी प्रकार जारी रहेगी।
भव्य बिश्नोई ने कहा कि स्वर्गीय बिश्नोई रत्न स्व. चौधरी भजन लाल द्वारा शुरू की गई विकास की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए उनका परिवार सदैव आदमपुर की जनता के हितों और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की हर समस्या के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।





