हरियाणा

Hisar: झगड़े में चाकू चला, घायल अस्पताल में भर्ती

Admindelhi1
5 March 2026 8:35 PM IST
Hisar: झगड़े में चाकू चला, घायल अस्पताल में भर्ती
x

हिसार: शहर थाना क्षेत्र की बडवाली ढाणी में कुछ युवकों ने तैश में आकर एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करके उसे घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति ने गली में गाली-गलौज कर रहे कुछ युवकों को रोका था, जिस पर उन्होंने तैश में आकर यह वारदात कर डाली।

मिली जानकारी के अनुसार बडवाली ढाणी निवासी राजेश बंसल गुरुवार काे अपने घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान गली में कुछ युवक जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहे थे। राजेश बंसल ने उन्हें ऐसा करने से रोका और समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इतना कहते ही चारों युवक भड़क गए और कहासुनी के बाद उनमें झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान आरोपियों ने राजेश बंसल पर चाकू से हमला कर दिया और लगातार वार किए। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस दौरान राजेश को छुड़वाने के लिए उनकी पत्नी भी मौके पर पहुंचीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत उपचार के लिए अर्बन एस्टेट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

डॉक्टरों के अनुसार, घायल के शरीर पर चाकू के वार से करीब 10 से 12 टांके आए हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि आरोपियों ने बिना किसी बड़ी बात के अचानक हमला कर दिया और वारदात के बाद फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Next Story