हरियाणा

नए वित्त वर्ष में 2000 नई बसें खरीदेगी हरियाणा सरकार, गुरुग्राम में बस पोर्ट और कुरुक्षेत्र में बनेगा महाभारतकालीन थीम पार्क

Renuka Sahu
9 March 2022 1:56 AM GMT
नए वित्त वर्ष में 2000 नई बसें खरीदेगी हरियाणा सरकार, गुरुग्राम में बस पोर्ट और कुरुक्षेत्र में बनेगा महाभारतकालीन थीम पार्क
x

फाइल फोटो 

नए वित्त वर्ष में हरियाणा सरकार 2000 नई बसें खरीदेगी। इनमें से एक हजार बसें हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा खरीदी जाएंगी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। नए वित्त वर्ष में हरियाणा सरकार 2000 नई बसें खरीदेगी। इनमें से एक हजार बसें हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा खरीदी जाएंगी। इसके साथ ही 150 हीट वेंटिलेटेड एयर कंडीशन (एचवीएसी) बसें भी खरीदी जानी हैं। इसके लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बेड़े में 50 और लग्जरी बसें जोड़ने के साथ साथ मिनी बसें भी जोड़ी जाएंगी।

हरियाणा सरकार बस डिपो को आधुनिकीकरण की दिशा में भी काम कर रही है। इसके तहत, बस डिपो में मल्टी मॉडल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अब फरीदाबाद के बाद गुरुग्राम में बस पोर्ट बनाया जाएगा। गुरुग्राम के खेड़कीदौला में बनने वाला यह पोर्ट परिवहन विभाग और एचएसआईआईडीसी का संयुक्त उपक्रम होगा। फिलहाल पीपीपी मोड पर फरीदाबाद में बस पोर्ट तैयार किया जा रहा है। यह इसी साल शुरु होने की संभावना है।
नई मैक्सी कैब नीति लाई जाएगी
हरियाणा सरकार नई मैक्स कैब नीति भी लाने जा रही है। सरकार की योजना है कि लोगों को प्वाइंट टू प्वाइंट परिवहन विकल्प प्रदान किया जाए। इसके लिए मार्गों का रैंडमाइज्ड आवंटन, मार्ग युक्तीकरण और परिवहन की बेहतर उपलब्धता के साथ पूरी प्रक्रिया को फेसलेस बनाने के लिए स्टेज कैरिज स्कीम के तहत प्रक्रियाओं को संशोधित किया जा रहा है। इसके अलावा, आठ और जिलों में चालकों को प्रशिक्षण दिलाने के लिए प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान स्थापित किए जाएंगे। वहीं, अप्रैल 2022 से ई टिकटिंग प्रणाली शुरू की जाएगी। इस व्यवस्था के लागू होने से यात्री मोबाइल पर ही बसों के समय की जानकारी ले सकेंगे।
कुरुक्षेत्र में स्थापित किया जाएगा महाभारतकालीन थीम पार्क
हरियाणा सरकार कुरुक्षेत्र में महाभारतकालीन थीम पार्क स्थापित करेगी। इसके लिए बजट में इस पर 205 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसमें आधुनिक तकनीक से महाभारत के युद्ध को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, कृष्णा सर्किट योजना के तहत भात सरकार की 97 करोड़ की सहायता से श्रीमद्भागवत गीता और महाभारत से संबंधित विषय पर मल्टीमीडिया शो ब्रह्मसरोवर के अगले भाग में लाइटिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की धोसी हिल्स में एक रोप वे, वेलनेस सेंटर, पैराग्लाइडिंग, रॉक क्लाइबिंग व गाइडिड टूर की भी योजना है। पिंजौर के निकट यादविंद्र उद्यान का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए आगा खान फाउंडेशन के साथ समझौता हुआ है। यहां पर सूरजकुंड शिल्प मेले की तर्ज पर लाइट एंड साउंड शो और एक भक्ति संगीत समारोह का आयोजन किया जाएगा।
Next Story