हरियाणा

Haryana : अंबाला में तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड, कई शहरों में तापमान 45 के पार पहुंचा

Tara Tandi
1 Jun 2024 9:27 AM GMT
Haryana :  अंबाला में तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड, कई शहरों में तापमान 45 के पार पहुंचा
x
Haryana: हरियाणा में पिछले 16 दिन से गर्मी के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं। शुक्रवार को गर्मी और बढ़ गई है। यह दिन सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। शुक्रवार को दिन के तापमान में बीते 14 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अंबाला में दिन का तापमान शुक्रवार को 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जाे सामान्य तापमान से 6.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इतना ही नहीं रात का तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस है।
आठ बजे के बाद बाहर निकलना मुश्किल
वर्ष 2011 से लेकर अभी तक सबसे अधिक दिन का तापमान वर्ष 2013 में 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। जबकि शुक्रवार को अंबाला में दिन का तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। अन्य वर्षों में देखें तो मई में 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास भी सर्वाधिक तापमान रहा है। रात्रि तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
इससे पहले रात्रि तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया था। प्रचंड गर्मी का असर यह है कि सुबह साढ़े छह बजे से ही धूप निकल रही है और आठ बजे तक इतनी धूप हो जाती है कि लोगों को घर से बाहर निकलने पर सोचना पड़ रहा है। इसके साथ ही दोपहर में गर्मी को देखते हुए लोग कम ही बाहर निकलना पसंद कर रही हैं। गौरतलब है कि 15 मई के बाद से लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है। लू का प्रकोप भी हर दिन झेलने को मिल रहा है।
लू के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
मौसम में बढ़ती गर्माहट और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अंबाला ने अलर्ट जारी किया है। तापमान बढ़ोतरी, रोजाना लू और गर्मी ने आमजन को बेहाल किया है। सिविल सर्जन डॉ. राकेश सहल ने बताया कि लू के लक्षणों जैसे सिर दर्द, बुखार, उल्टी अत्यधिक पसीना और बेहोशी, कमजोरी, शरीर में ऐंठन और नब्ज असामान्य होने पर चिकित्सकीय परामर्श लें। लू के लक्षण नजर आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर चिकित्सक से परामर्श लें। इसके साथ ही सभी पीएचसी सीएचसी को भी निर्देशित कर दिया गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में निगाह बनाए रखें। लू से पीड़ित मरीज आएं तो उनके लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं स्वास्थ्य केंद्रों में होनी चाहिए। गौरतलब है कि गर्मी बढ़ने के बाद से अंबाला के नागरिक अस्पतालों में ओपीडी सामान्य दिनों की अपेक्षा बढ़ रहा है। इसमें उल्टी दस्त, पेट दर्द और संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।
आंशिक बादलवाई से परिवर्तन की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डाॅ. मदन खिचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से शुक्रवार रात्रि से मौसम में बदलाव संभावित है। इससे एक और दो जून को राज्य में आंशिक बादलवाई देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही हवा चलने तथा कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की भी संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट संभावित है।
Next Story