Hansi: हांसी में आठ एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही दो कॉलोनियां तोड़ी गईं

हांसी: जिला योजनाकार विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कुंदनपुर रोड स्थित क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। कृष्णा एन्क्लेव के निकट करीब आठ एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही दो अनधिकृत कॉलोनियों में बनाए गए कच्चे रास्तों, सड़क नेटवर्क और अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान हांसी-1 के बीडीपीओ अशोक कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। अभियान में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) दिनेश सिंह, फील्ड इंस्पेक्टर सपना, प्रवर्तन स्टाफ तथा स्थानीय पुलिस बल की टीम शामिल रही। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार कॉलोनाइजर बिना सरकारी स्वीकृति के प्लॉटिंग कर सड़कें और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया गया और नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाया गया।
डीटीपी दिनेश सिंह ने कहा कि बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से किसी भी प्लॉट या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता और विभागीय मंजूरी की जांच करने की अपील की, ताकि आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।





