हरियाणा

Hansi: हरिद्वार यात्रा बनी काल, हांसी के दो दोस्तों की सड़क दुर्घटना में मौत

Admindelhi1
12 Jun 2026 5:43 PM IST
Hansi: हरिद्वार यात्रा बनी काल, हांसी के दो दोस्तों की सड़क दुर्घटना में मौत
x
हरिद्वार घूमने गए दोस्तों का सफर बना आखिरी यात्रा

हांसी: उत्तराखंड के हरिद्वार घूमने गए हांसी के दो युवकों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। दोनों दोस्त बाइक पर धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा पर निकले थे, लेकिन रुड़की के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान हांसी की रूपनगर कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय रजत भाटिया और उत्तम नगर निवासी 23 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।

रजत के भाई नितेश ने बताया कि दोनों युवक सोमवार को घर से हरिद्वार के लिए निकले थे। बुधवार शाम को परिवार को सूचना मिली कि रुड़की के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि रजत अपनी बाइक पर यात्रा कर रहा था। वह एक निजी प्रतिष्ठान में कार्यरत था और करीब एक वर्ष पहले उसने प्रेम विवाह किया था। वहीं रवि कुमार अविवाहित था और बिना बताए घर से घूमने निकला था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार के चलते बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रजत की पत्नी सदमे में है, जबकि दोनों परिवारों में शोक का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के लोगों के अनुसार दोनों युवक घनिष्ठ मित्र थे और अक्सर साथ रहते थे।

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव हांसी लाए गए, जहां देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Next Story