Hansi: हांसी पुलिस ने हत्या मामले के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

हांसी: नेशनल हाईवे-10 स्थित जोकी शोरूम के मैनेजर सूरज की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) हिसार और थाना सदर हांसी की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव उर्फ गोचू और रवि उर्फ गोलू, निवासी दुर्गा कॉलोनी, हिसार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों को मुख्य आरोपी साहिल बामल का करीबी साथी पाया गया है और उनकी हत्या की साजिश एवं वारदात में संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सूरज की हत्या के संबंध में शिकायतकर्ता दीपक जैन की शिकायत पर थाना सदर हांसी में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से आरोपियों की पहचान की गई।
जांच में सामने आया कि वारदात से पहले सभी आरोपी हिसार में एकत्र हुए थे और शराब पीने के बाद एनएच-10 मार्केट क्षेत्र में पहुंचे। वहां उन्होंने सूरज पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मुंढाल क्षेत्र की ओर फरार हो गए और अपने मोबाइल फोन बंद कर अलग-अलग दिशाओं में निकल गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौरव उर्फ गोचू के खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध हिसार के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
एसटीएफ हिसार के उप निरीक्षक अनूप के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





