हरियाणा

Hansi: डंपिंग स्टेशन में कचरा डालने पर किसानों का प्रदर्शन

Admindelhi1
7 May 2026 9:26 AM IST
Hansi: डंपिंग स्टेशन में कचरा डालने पर किसानों का प्रदर्शन
x

हांसी: शहर के पास स्थित ढाणी पाल, राजीव नगर, शेखपुरा, सैनीपुरा और बीड़ फार्म गांवों के किसानों ने नगर परिषद पर अवैध रूप से खुले में कचरा डंप करने के आरोप लगाए हैं। खुले में शहर का कूड़ा कर्कट डंप करने की वजह से आसपास की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि इन दिनों कचरे के ढेर में तब्दील हो रही है। तेज हवाओं के कारण प्लास्टिक और पॉलीथिन उड़कर दूर-दूर तक खेतों में फैल गए हैं, जिससे किसानों की खेती और पशुपालन प्रभावित हो रहा है।

नगर परिषद द्वारा खुले क्षेत्र में कूड़ा कर्कट डंप किए जाने से नाराज किसानों ने बुधवार को अर्ध नग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया। अर्धनग्न किसानों ने खेतों से फैले हुए प्लास्टिक, पोलिथीन व कचरे को इकट्ठा किया। किसानों ने बताया कि कचरे, पोलिथीन और प्लास्टिक के कारण वे खेतों में खड़े गेहूं के अवशेषों से पशुओं के लिए तूड़ी तैयार नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनका पशुपालन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद यहां खुले में शहर का सामान्य कचरा और अस्पतालों का बायो-वेस्ट डंप कर रही है। इससे इलाके में लगातार बदबू, धुआं और प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। बीड़ फार्म के सरपंच प्रतिनिधि अनूप और सैनीपुरा के सरपंच प्रतिनिधि रविन्द्र ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। ग्रामीण लंबे समय से डंपिंग स्टेशन हटाने की मांग कर रहे हैं लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रदर्शनकारी किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें अपने खेतों में फैल रहा हांसी शहर का कचरा और अस्पतालों का बायो-वेस्ट उठाना पड़ रहा है, जो उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए खतरनाक है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस अवैध डंपिंग पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो यह समस्या भविष्य में और गंभीर हो सकती है।

Next Story