
हांसी: जिले के गांव बडाला स्थित ईंट भट्ठे पर ईंट बनाने के लिए बनाए गए पानी के कुंड में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की बच्चे की पहचान रामकुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी देते हुए परिजन संजय ने बताया कि वे बिहार के जहानाबाद क्षेत्र के रहने वाले अजीत कुमार के साथ अपने परिवार के साथ बडाला गांव में ईंट बनाने के लिए आए हुए थे। बुधवार को अजीत कुमार किसी पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने गांव गए हुए थे। इसी दौरान उनका तीन वर्षीय बेटा रामकुमार पास ही खेल रहा था और खेलते-खेलते ईंटों के लिए बनाए गए गहरे पानी के कुंड में जा गिरा। काफी देर तक बच्चे के नजर न आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो वह पानी के कुंड में मिला जिसके बाद उसे कुंड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बच्चे की अचानक पानी के कुंड में गिर कर मौत होने पर परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिवार में मां गुड़िया देवी व चार वर्षीय बेटी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर डायल 112 पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर बास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।





