
गुरुग्राम: बिलासपुर थाना क्षेत्र में रोड पार करते समय निजी बस की टक्कर लगने से एक युवती सड़क पर गिर गई और बस का अगला टायर युवती के ऊपर से गुजर गया। इस हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक बस को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया। युवती को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी नसीम आलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि भांजी हसीना खातून गुरुग्राम के गांव पथरेड़ी स्थित डिलीवरी कंपनी में नौकरी करती थी।
बीते शनिवार की सुबह वह भांजी के साथ दिल्ली जा रहे थे। बिलासपुर चौक पार करते समय धारुहेड़ा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने भांजी हसीना खातून को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी भांजी की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।





