Gurugram: सड़क पर अज्ञात वाहन ने कुचला, युवक की मौत, साथी घायल

गुरुग्राम: फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक नितिन की मौत हो गई, जबकि उसका साथी दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक फर्रुखनगर से झज्जर लौट रहे थे। सिसोदिया ढाबे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झज्जर के रईया गांव निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा नितिन रविवार को अपने दोस्त दीपक के साथ बाइक से फर्रुखनगर आया था। काम निपटाने के बाद जब वे लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फर्रुखनगर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपक की हालत गंभीर देख उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। दीपक जींद के राहजौद गांव का निवासी है।
फर्रुखनगर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा रही है।





