हरियाणा

Gurugram: तंग नालों का चौड़ीकरण, मरम्मत-सफाई का काम शुरू

Admindelhi1
25 May 2025 11:11 AM IST
Gurugram: तंग नालों का चौड़ीकरण, मरम्मत-सफाई का काम शुरू
x
"थोड़ी देर की बारिश में ही ओवरफ्लो हो जाते हैं"

गुरुग्राम: जलभराव से बचाव के मद्देनजर शहर के तंग नालों को चौड़ा किया जाएगा। नगर निगम ऐसे तंग नालों को चिह्नित करेगा, जो थोड़ी देर की बारिश में ही ओवरफ्लो हो जाते हैं और इस वजह से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन जाती है।

इसके अलावा गंदगी से अटे नालों की सफाई और जर्जर हो चुके नालों की मरम्मत भी मानसून से पूर्व करवाई जाएगी। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद साइबर सिटी में जलभराव के चलते जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी इस स्थिति को लेकर गंभीर हैं। वे चार बार जिला प्रशासन व नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठकें कर चुके हैं। इसी कड़ी में शनिवार को भी उन्होंने जलभराव संभावित इलाकों का दौरा कर अफसरों को निर्देश दिए। पर्यावरण मंत्री ने शनिवार को आईडीसी, महरौली रोड, सेक्टर 17, डूंडाहेड़ा, अंसल प्लाजा, सी2, पालम विहार, चोमा, बजघेरा, धर्मपुर, धनकोट, सेक्टर 102, बसई, बसई तालाब , मोहम्मदपुर झाड़सा तथा खेड़की दौला क्षेत्रों का दौरा कर नालों की सफाई स्थिति व जल निकासी प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकतानुसार उनकी मरम्मत या चौड़ीकरण कार्य भी तत्परता से किया जाए।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुरुग्राम महत्वपूर्ण आर्थिक एवं शहरी केंद्र है। यहां की नागरिक सुविधाएं हमारी प्राथमिकता में हैं। इस बार हमारा प्रयास है कि शहरवासी जलभराव जैसी समस्याओं से पूरी तरह मुक्त रहें। इन्हीं लक्ष्यों की पूर्ति के लिए प्रशासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की दिशा में समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जीएमडीए और निगम अधिकारियों ने पर्यावरण मंत्री को अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख ड्रेनेज लाइनों की सफाई का कार्य निर्बाध गति से जारी है और जलभराव संभावित क्षेत्रों में पंपिंग स्टेशन तथा मोटरों की तैनाती भी की जा रही है।

Next Story