हरियाणा

Gurugram: लैंडफिल से निकल रहा जहरीला पदार्थ, गांव के लोग परेशान

Admindelhi1
10 Jun 2025 5:31 PM IST
Gurugram: लैंडफिल से निकल रहा जहरीला पदार्थ, गांव के लोग परेशान
x
पर्यावरण को खतरा

गुरुग्राम: गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी लैंडफिल पर पड़े लगभग 14 लाख टन कूड़े के पहाड़ से जहरीला पदार्थ यानी लीचेट रिस कर अब बंधवाड़ी गांव की ओर जा रहा है। 20 हजार आबादी वाले गांव के लोग परेशान हैं।

उनका कहना है कि इसे कागजों में ही ठीक किया जा रहा है मगर मौके पर हकीकत भयावह है। पांच दिन पहले लीचेट लैंडफिल के बाहर तक आ गया था और अब भी यहां पर लीचेट प्रबंधन नहीं होने के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। नगर निगम के कूड़ा बंधवाड़ी लैंडफिल में डीटीआरओ खराब पड़े हैं और कुछ मात्रा में लीचेट को एसटीपी निस्तारण का कार्य प्राइवेट एजेंसियों ग्रीन टेक और आदर्श भारत को सौंपा हुआ है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार लीचेट का प्रबंधन करना भी इन एजेंसियों की जिम्मेदारी है।साल भर पहले वन्य जीव विभाग ने निगम अधिकारियों को पत्र लिखकर लीचेट को जहरीली नदी बताते हुए इसे वन्य जीवों के लिए भी खतरा बताया था।

बंधवाड़ी में लगभग 14 लाख टन से अधिक कूड़े का ढेर लग गया है। एजेंसियों को प्रतिदिन 15 हजार टन कूड़ा निस्तारण का टारगेट दिया गया था लेकिन यह आंकड़ा तीन हजार टन को भी पार नहीं कर पा रहा है। ऐसे में धीमी गति से कूड़ा निस्तारण को लेकर निगम की ओर से दोनों एजेंसियों पर अब तक साढ़े तीन करोड़ जुमार्ना लगाया जा चुका है। निगम के रिकार्ड के अनुसार दोनों एजेंसियों की ओर से 159 केएलडी लीचेट को शोधित करने के लिए टैंकरों के माध्यम से बहरामपुर सीवेज ट्रीटमेंट में भेजा जा रहा है।

Next Story