हरियाणा

Gurugram: अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की जान गई, महिला घायल

Admindelhi1
14 Jun 2025 12:16 PM IST
Gurugram: अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की जान गई, महिला घायल
x
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

गुरुग्राम: शहर में तीन अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। एक जगह गड्ढे में आॅटो पलटने से महिला घायल हो गई। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के जिला हाथरस निवासी दीपक ने सेक्टर-56 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस ने उनको सूचना दी कि उनके भाई आशीष की सड़क हादसे में मौत हो गई। उन्होंने घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि एक डंपर चालक ने डंपर को तेज रफ्तार में चलाते हुए उनके भाई की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर चालक मौके से भाग गया। भोंडसी थाना पुलिस को तावडू के शेख अबू ने दी शिकायत में बताया कि उनका भाई शेख रबिउल आभूषण का काम करते थे। बुधवार को वह अपनी मोटरसाइकिल से आभूषण खरीदने के लिए दिल्ली गए थे। वापस आने के दौरान घामड़ौज टोल के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने अचानक से तेज रफ्तार में अपनी गाड़ी को मोड़ा तो उसकी गाड़ी उनके भाई की मोटरसाइकिल से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल भाई को सोहना के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद वह अपने भाई को फरीदाबाद के एक अस्पताल में उपचार के लिए ले जाने लगे। इसी दौरान उनके भाई की मौत हो गई। पुलिस टोल की सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच कर रही है।

सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के शाहदरा निवासी आकाश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनको सूचना मिली थी कि उनके भाई मनोज कुमार कुशवाहा सड़क हादसे में घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वह घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनका भाई आॅटो से इफको चौक से खेड़कीदौला अपने आॅफिस जा रहा था। इसी दौरान वेस्टिन होटल के पास आॅटो में पीछे से तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। इस हादसे में अन्य सवारियों को भी चोट आई थी। उपचार के दौरान उनके भाई की मौत हो गई। भवानी एंक्लेव निवासी रेणु देवी ने सेक्टर-नौ ए थाना पुलिस को बताया कि वह पांच जून को अपने घर के बाहर बैठी हुई थी। उसी दौरान एक लोडिंग आॅटो तेज रफ्तार में आ रहा था। उनकी गली कच्ची है। जब वह उनके घर के सामने पहुंचा तो गड्ढों में अनियंत्रित होकर पलट कर उन के ऊपर गिर गया, जिससे वह घायल हो गईं।

Next Story